1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. शाहपुरा के वार्ड-51 में लगा जन-कल्याण शिविर, महापौर ने नाला निर्माण शुरू करने के दिए निर्देश

शाहपुरा के वार्ड-51 में लगा जन-कल्याण शिविर, महापौर ने नाला निर्माण शुरू करने के दिए निर्देश

भोपाल के शाहपुरा वार्ड-51 में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के तहत जन-कल्याण शिविर लगाया गया। महापौर मालती राय ने स्थानीय नाला निर्माण सोमवार से शुरू कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कॉलोनियों की समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्ट्रेट में कॉलोनी सेल गठित होने की जानकारी दी। बाद में निरीक्षण के दौरान उपभोक्ता भंडार में अनियमितताएं मिलने पर दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

By: Nivedita 
Updated:
शाहपुरा के वार्ड-51 में लगा जन-कल्याण शिविर, महापौर ने नाला निर्माण शुरू करने के दिए निर्देश

भोपाल:  मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के तहत शनिवार को शाहपुरा के जोन क्रमांक-6 स्थित वार्ड नंबर 51 के सी-सेक्टर में जन-कल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्थानीय लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया। अधिकारियों ने मौके पर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया शुरू की।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ

शिविर में महापौर मालती राय, पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह, स्थानीय पार्षद, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल के माध्यम से लोगों को अलग-अलग जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लोगों के आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी मौके पर की गई।

सोमवार से शुरू होगा नाला निर्माण

शिविर के दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में नाला निर्माण की मांग रखी। महापौर मालती राय ने संबंधित अधिकारियों को सोमवार से नाला निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को निर्देशित किया कि जिन विकास कार्यों के कार्यादेश जारी हो चुके हैं, उन्हें बिना देरी के गति दी जाए और स्वीकृत निर्माण कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जल्द पूरा कराया जाए।

कॉलोनी की समस्याओं के लिए बनेगा ‘कॉलोनी सेल’

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बताया कि कॉलोनियों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कलेक्ट्रेट में विशेष ‘कॉलोनी सेल’ का गठन किया गया है। इसका उद्देश्य कॉलोनीवासियों की शिकायतों और समस्याओं को व्यवस्थित तरीके से संबंधित विभाग तक पहुंचाकर उनका समय पर समाधान कराना है। कलेक्टर ने स्थानीय निवासियों से अपनी-अपनी कॉलोनियों में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) गठित करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए के जरिए स्थानीय समस्याओं को एक मंच पर उठाने और उनके समाधान में सुविधा होगी।

शिविर में मिले आवेदनों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन-कल्याण शिविर के दौरान प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि पात्र नागरिकों तक उसका वास्तविक लाभ पहुंचाना है।

कलेक्टर ने कई संस्थानों का किया औचक निरीक्षण

शिविर समाप्त होने के बाद कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने शाहपुरा क्षेत्र के विभिन्न सरकारी संस्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र, बाबा नगर स्थित नगर निगम ट्रांसफर स्टेशन, शासकीय प्राथमिक शाला छावनी शाहपुरा, मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक और एकता महिला प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार का जायजा लिया।

उपभोक्ता भंडार में अनियमितताओं पर कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान एकता महिला प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार में व्यवस्थाओं में कमियां और कथित अनियमितताएं सामने आईं। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर सहायक आपूर्ति अधिकारी वसुंधरा पेंडो और वरिष्ठ सहकारिता निरीक्षक सपना गुहा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...