1. हिन्दी समाचार
  2. जन समस्या
  3. Public Safety: 10 करोड़ की सड़क पर टूटा सीवरेज चेंबर, हादसे का खतरा

Public Safety: 10 करोड़ की सड़क पर टूटा सीवरेज चेंबर, हादसे का खतरा

बड़वानी में 10 करोड़ की मुख्य सड़क पर टूटा सीवरेज चेंबर हादसे को न्योता दे रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने नगर पालिका पर लापरवाही के आरोप लगाए।

By: BS Yadav 
Updated:
Public Safety: 10 करोड़ की सड़क पर टूटा सीवरेज चेंबर, हादसे का खतरा

बड़वानी। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बनी शहर की मुख्य सड़क पर सीवरेज चेंबर टूटने से नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर के प्रमुख प्रवेश मार्ग पर खुला पड़ा क्षतिग्रस्त चेंबर राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं और रात के समय यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।

नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव ने आरोप लगाया कि सीवरेज निर्माण की गुणवत्ता और कथित अनियमितताओं को लेकर पिछले तीन वर्षों से लगातार शिकायतें और आंदोलन किए जा रहे हैं। इसके बावजूद नगर पालिका की ओर से टूटे चेंबरों की स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई।

जाधव का कहना है कि चेंबरों की समय पर मरम्मत नहीं होना नगर पालिका की लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने सीवरेज कार्य की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग भी की है। उनके अनुसार, कई सीवरेज चेंबरों के अंदर प्लास्टर तक नहीं किया गया है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने पूरे सीवरेज नेटवर्क की तकनीकी जांच कराने और निर्माण कार्य में जिम्मेदार लोगों की भूमिका तय कर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का काम केवल शिकायत दर्ज करने तक सीमित नहीं होना चाहिए। अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करना चाहिए और दुर्घटना की आशंका को देखते हुए तत्काल सुधार कार्य कराना चाहिए।

मुख्य मार्ग पर खुले पड़े चेंबर को लेकर स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में भी चिंता है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...