सिंहस्थ-2028 महापर्व की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से अपर मुख्य सचिव श्री राजेश रजौरा ने टेंपो ट्रैवलर बस के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों तथा प्रस्तावित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की प्रगति का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान श्री रजौरा ने गंगेडी और सिकंदरी क्षेत्र में प्रस्तावित वाहन पार्किंग स्थलों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि महापर्व में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम बनाई जाए। साथ ही पार्किंग क्षेत्रों में पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन जैसी आवश्यक सुविधाओं की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अपर मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन की सफलता के लिए सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर तैयारियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान संभाग आयुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह, एडीजी श्री राकेश गुप्ता, डीआईजी श्री नवनीत भसीन, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने तैयारियों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की।