1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. किसानों की बर्बादी पर फूटा गुस्सा: कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान किसान कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन

किसानों की बर्बादी पर फूटा गुस्सा: कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान किसान कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन

जिला किसान कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओ ने की समर्थन मूल्य व मुआवजे की मांग तेज।

By: Naredra 
Updated:
किसानों की बर्बादी पर फूटा गुस्सा: कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान किसान कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन

दतियाः जिले में हाल ही में हुई ओलावृष्टि, आंधी और बारिश से किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो जाने के विरोध में गुरुवार को किसान कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने नवीन कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव कर अनोखे तरीके से निर्वस्त्र होकर विरोध जताया।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि प्राकृतिक आपदा के चलते गेहूं सहित अन्य फसलें खेतों में ही सड़ गई हैं, जिससे किसान आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन और सरकार की ओर से अब तक न तो समुचित सर्वे कराया गया है और न ही मुआवजे की कोई ठोस व्यवस्था की गई है।

कलेक्ट्रेट पहुंचकर किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। विरोध स्वरूप कई कार्यकर्ताओं ने अपने कुर्ते और शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया, जिससे प्रशासन का ध्यान किसानों की गंभीर स्थिति की ओर आकर्षित किया जा सके। इस दौरान राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन अपर कलेक्टर को सौंपा गया।

देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण अन्नदाता लगातार परेशान हो रहा है। उन्होंने कहा कि गेहूं खरीदी की तारीखें बार-बार आगे बढ़ाई जा रही हैं, जिससे किसानों में भारी आक्रोश है। वहीं, ऋण वसूली की समयसीमा के कारण बड़ी संख्या में किसान डिफाल्टर हो गए हैं और मजबूरी में अपनी उपज कम कीमत पर बेचने को विवश हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गेहूं खरीदी केंद्र शुरू नहीं किए गए, समर्थन मूल्य लागू नहीं किया गया और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिला, तो किसान कांग्रेस आंदोलन को और उग्र करेगी।

इस प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी, अजय शुक्ला सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता अवधेश, जिला कांग्रेस संगठन महासचिव नरेन्द्र गुर्जर, शहर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अजय शुक्ला सहित तमाम कांग्रेसी नेता शामिल रहे।

दतिया से संवाददाता विनोद कुशवाह की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...