नई दिल्ली : भारत और श्रीलंका के बीच तीन वन डे और तीन टी-20 मैच के सीरीज का नया शिड्यूल जारी कर दिया गया है। जिससे अब दोनों देशों के बीच पहला मैच जो 13 जुलाई से शुरू होने थे, वे अब 18 जुलाई से खेला जायेगा। आपको बता दें कि मैच में बदलाव श्रीलंका क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी कोच ग्रांट फ्लावर और टीम के कम्प्यूटर एनालिस्ट के कोरोना संक्रमित होने के बाद किया गया है।
नए शेड्यूल के मुताबिक, पहला वन डे 18 जुलाई, दूसरा वनडे 20 और सीरीज का तीसरा वनडे 23 जुलाई को खेला जाएगा। वहीं, टी20 सीरीज की शुरुआत 25 जुलाई से होगी। दूसरा मैच 27 और आखिरी मुकाबला 29 जुलाई को होगा। सभी मुकाबले कोलंबो में खेले जाएंगे।
बता दें कि श्रीलंका के बल्लेबाजी कोच ग्रांट फ्लावर (Grant Flower) की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव होने के बाद कम्प्यूटर एनालिस्ट जीटी निरोशन(GT Niroshan) भी संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड(SLC) ने बीसीसीआई(BCCI) से सीरीज का शेड्यूल बदलने की गुजारिश की थी, जिसे बीसीसीआई ने मान लिया था। साथ ही मेजबान देश के बोर्ड से श्रीलंकाई टीम का होटल बदलने की मांग की थी, जिसे मान लिया गया और अब श्रीलंका क्रिकेट टीम को कोलंबो के ग्रांड सिनामन होटल में शिफ्ट किया गया है। पहले दोनों टीमें ताज समुद्रा होटल में एक-साथ रुकीं थीं।
श्रीलंका बोर्ड को हर मैच से मिलेंगे इतने करोड़ रूपये
बता दें कि कोरोना के कारण सभी बोर्ड की कमाई पर बुरा असर पड़ा है। टीम इंडिया का श्रीलंका दौरा मेजबान बोर्ड के लिए बेहद अहम है। सीरीज के हर मैच से श्रीलंका बोर्ड को लगभग 15 करोड़ रुपए की कमाई होनी है। यानी सीरीज से लगभग 90 करोड़ रुपए मिलेंगे। भारतीय टीम के सीनियर खिलाड़ी अभी इंग्लैंड दौरे पर हैं। लेकिन जूनियर खिलाड़ियों को यहां भेजा गया है। राहुल द्रविड़ टीम इंडिया के कोच हैं।
श्रीलंका दौरे के लिए घोषित टीम – शिखर धवन (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार (उपकप्तान), पृथ्वी शॉ, देवदत्त पडिक्कल, ऋतुराज गायकवाड़, सूर्यकुमार यादव, मनीष पांडे, हार्दिक पंड्या, नीतीश राणा, इशान किशन, संजू सैमसन, युजवेंद्र चहल, राहुल चाहर, कृष्णप्पा गौतम, क्रुणाल पंड्या, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, दीपक चाहर, नवदीप सैनी और चेतन सकारिया है।