1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तराखंड
  3. न राहुल पीएम बनेंगे और न हरदा सियासत से संन्यास लेंगे; बंशीधर भगत

न राहुल पीएम बनेंगे और न हरदा सियासत से संन्यास लेंगे; बंशीधर भगत

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
न राहुल पीएम बनेंगे और न हरदा सियासत से संन्यास लेंगे; बंशीधर भगत

देहरादून: पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत के उस बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है, जिसमें रावत ने कहा है कि राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने पर वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत ने पहाड़ में प्रचलित कहावत ‘न बाप मरे न बैल बंटे’ का उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री रावत जीवनभर राजनीति में रहने के इच्छुक हैं। उन्होंने कहा कि न राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे और न कभी रावत सियासत से संन्यास लेंगे।

हरिद्वार में हर की पैड़ी पर बह रही गंगा की धारा को गंगा के रूप में मान्यता देने के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के फैसले का भगत ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने जो गलती की थी, उसे अब भाजपा सरकार ने ठीक किया है। उन्होंने कहा कि हरीश रावत को पहले यह बताना चाहिए कि अपने मुख्यमंत्रित्व काल में जब उनके द्वारा गंगा की इस धारा को एस्केप चैनल घोषित किया गया था, तब उनकी बुद्धि कहां चली गई थी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भगत सोमवार को जब पत्रकारों से मुखातिब हुए तो उन्होंने मास्क से दूरी बनाए रखी। पूर्व में कोरोना को मात दे चुके भगत की मास्क से दूरी चर्चा का विषय बनी रही।

 

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...