1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. कोरोना वैक्सीन की डोज लेने को तैयार एनसीपी प्रमुख शरद पवार

कोरोना वैक्सीन की डोज लेने को तैयार एनसीपी प्रमुख शरद पवार

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
<b>कोरोना वैक्सीन की डोज लेने को तैयार एनसीपी प्रमुख शरद पवार

कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ आज यानी 16 जनवरी, 2021 से शुरू हो रहे टीकाकरण अभियान से पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी एनसीपी के प्रमुख शरद पवार ने कोविड-19 वैक्सीन को लेकर बड़ा बयान दिया है। शरद पवार ने वैक्सीन की सुरक्षा पर उठ रहे सवालों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया DGCI द्वारा पास की गई वैक्सीन पर संदेह करने की कोई आवश्यकता नहीं है। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और भारत बायोटेक दोनों विश्व स्तर के संस्थान हैं और अगर उन्हें मौका मिलता है तो वे तुरंत वैक्सीन की डोज ले लेंगे।

दक्षिण मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा, पुणे की सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और हैदराबाद स्थित भारत बायोटेक विश्व स्तर के संगठन हैं, इसलिए वैक्सीन पर संदेह करने की कोई आवश्यकता नहीं है।

पवार ने आगे कहा, एक तरह से देखा जाए तो भारत की इन संस्थाओं ने दुनिया को एक रास्ता दिखाया है, इसलिए मैं उन पर कोई संदेह नहीं करूंगा। मुझे कोविद वैक्सीन का शॉट लगवाने का मौका मिला तो तुरंत लूंगा। बता दें कि राष्ट्रव्यापी कोविड-19 टीकाकरण अभियान 16 जनवरी आज से शुरू हो रहा है।

केंद्र के साथ-साथ सभी राज्य सरकारें इस अभियान के लिए एकदम तैयार हैं। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अभियान की शुरुआत करेंगे। आपको बता दें कि शरद पवार का यह बयान उन्हीं की पार्टी के प्रवक्ता और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री नवाब मलिक के बयान के बाद आया है।

नवाब मलिक ने वैक्सीन की सुरक्षा पर संदेह जताते हुए कहा था कि लोगों के मन में कोरोना वायरस वैक्सीन को लेकर कुछ संदेह हैं, ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुद पहले टीका लगवाकर लोगों की चिंताओं को दूर करना चाहिए।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...