1. हिन्दी समाचार
  2. Burhanpur
  3. बुरहानपुर में जर्जर मकानों पर नगर निगम की कार्रवाई, दाउदपुरा में बुलडोजर से गिराया खतरनाक भवन

बुरहानपुर में जर्जर मकानों पर नगर निगम की कार्रवाई, दाउदपुरा में बुलडोजर से गिराया खतरनाक भवन

बुरहानपुर नगर निगम ने मानसून में हादसों की आशंका को देखते हुए जर्जर भवनों के खिलाफ अभियान शुरू किया है। वार्ड क्रमांक 27 दाउदपुरा में नोटिस के बाद भी नहीं हटाए गए एक खतरनाक मकान को बुलडोजर से गिराया गया। निगम ने नागरिकों से अपने जर्जर भवनों को समय पर हटाने की अपील की है।

By: Nivedita 
Updated:
बुरहानपुर में जर्जर मकानों पर नगर निगम की कार्रवाई, दाउदपुरा में बुलडोजर से गिराया खतरनाक भवन

बुरहानपुर। मानसून के दौरान संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नगर निगम ने शहर में जर्जर और खतरनाक भवनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 27 दाउदपुरा क्षेत्र में एक जर्जर मकान को बुलडोजर की मदद से हटाया गया।

नोटिस के बाद भी नहीं हटाया गया था भवन

नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि दाउदपुर स्थित बारूद वाली मस्जिद के पास स्थित तनवीर एहसान जाफरी के जर्जर भवन को हटाने की कार्रवाई की गई। निगम की ओर से भवन स्वामी को पहले कई बार नोटिस जारी कर स्वयं भवन हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने नियमानुसार भवन को हटाने का निर्णय लिया।

नागरिकों से जर्जर भवन हटाने की अपील

नगर निगम महापौर माधुरी अतुल पटेल ने शहरवासियों से अपील की है कि जिन लोगों के स्वामित्व में पुराने, क्षतिग्रस्त या खतरनाक भवन हैं, वे उन्हें समय रहते स्वयं हटवा लें। उन्होंने कहा कि जर्जर भवनों से आम लोगों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर प्रशासन द्वारा ऐसे भवनों को खाली करवाकर हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

 

शहरभर में किया जा रहा सर्वे

नगर निगम आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर में मौजूद सभी जर्जर और खतरनाक भवनों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाए। मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना को रोकने के लिए निगम का अमला लगातार सर्वे कर रहा है।

कार्रवाई के दौरान अधिकारी रहे मौजूद

इस कार्रवाई के दौरान सहायक यंत्री गोपाल महाजन, अभिषेक रघुवंशी, संजय तिवारी, राजपति यादव सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...