रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: लॉड्स के ऐतिहासिक मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गये टेस्ट मैच में जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। मैच जीतने के प्रेशर के साथ-साथ दोनो टीमों के खिलाड़ी दिमागी खेल भी खेल रहे थे। मैच के दौरान कई ऐसे मौके आए जब दोनों टीमों के खिलाड़ी एक दूसरे से उलझते दिखे।
आपको बता दें कि टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह खासतौर से इंग्लिश टीम के निशाने पर थे। तीसरे दिन जहां जेम्स एंडरसन ने उन्हें कुछ कहा तो पांचवें दिन जोस बटलर और मार्क वुड ने बुमराह को स्लेज करने की कोशिश की। इंग्लिश टीम उनके साथ ये बर्ताव उस वक्त कर रही थी, जब बुमराह और मोहम्मद शमी के बीच 9वें विकेट के बीच 89 रनों की नाबाद साझेदारी हुई। इंग्लैंड के गेंदबाज 9वां विकेट लेने के लिए तरसते रह गए.
इंग्लिश खिलाड़ियों को जब विकेट नहीं मिल रहे थे, तब वे स्लेजिंग पर उतर आए। पारी के 92वें ओवर के खत्म होने के बाद विकेटकीपर जोस बटलर ने बुमराह को कुछ कहा। इसके बाद बुमराह को मैदानी अंपायर से बात करते हुए देखा गया। अंपायर इलिंगवर्थ भारतीय पेसर को समझाते नजर आए। इससे पहले मार्क वुड ने भी बुमराह को कुछ कहा था।
इंग्लिश टीम के इस बर्ताव पर मैन ऑफ द मैच रहे टीम इंडिया के सलामीं बल्लेबाज केएल राहुल ने रिएक्ट किया है। उन्होंने मैच के बाद इस मामले पर बयान देते हुए कहा कि यदि हमारे किसी एक खिलाड़ी को विपक्षी निशाना बनाएंगे तो इसका जवाब उन्हें भारतीय क्रिकेट टीम के 11 खिलाड़ी देंगे।
राहुल ने कहा, ‘जब दो बड़ी टीमें आमने सामने होती हैं तो इस तरह की उम्मीद होती है। अच्छी स्किल्स के साथ आप शब्दों के आदान प्रदान की उम्मीद करते हैं। हमें इस तरह के नोंकझोंक से कोई दिक्कत नहीं है। यदि आप हमारे किसी एक खिलाड़ी के पीछे पड़ोगे तो हम 11 मिलकर आपको नहीं छोड़ेंगे।’
आपको बता दें कि केएल राहुल के लिए लॉर्ड्स टेस्ट यादगार रहा। उन्होंने इस मैच में 129 रनों की पारी खेली। राहुल ने पहली पारी में रोहित शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 126 रनों की साझेदारी की। टीम इंडिया ने इस मुकाबले को 151 रनों से जीत लिया और पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।