खंडवा जिले में मध्य प्रदेश पुलिस के प्रदेशव्यापी अभियान ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ का शुभारंभ किया गया। 15 से 30 जुलाई तक चलने वाले 15 दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम पीएम राइस स्कूल, सूरजकुंड कन्या विद्यालय में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं महापौर अमृता अमर यादव ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने की अपील की।
महापौर ने छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज बनाने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर काशीराम बडोले, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी जुगतावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारनेकर, विद्यालय के प्राचार्य संजय निंबोरकर सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक और सामाजिक समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। छात्राओं को बताया गया कि नशा व्यक्ति के भविष्य, स्वास्थ्य और सामाजिक जीवन को किस तरह प्रभावित करता है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर महापौर अमृता अमर यादव ने छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। छात्राओं ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।