वैदिक ज्योतिष में एक महत्वपूर्ण सूत्र है और वो है फलित विचार, दरअसल भविष्य में होने वाली किसी भी घटना के बारे में विचार करने को फलित विचार कहते है, फलित सूत्र में 9 ग्रह, 12 भाव और 27 नक्षत्रो से विचार किया जाता है।
फलित में 9 ग्रह है, सूर्य -चन्द्रमा-मंगल -बुध -गुरु-शुक्र-शनि, ये 7 मूल ग्रह माने गये है वही 2 ग्रह राहु केतु छाया ग्रह माने गए है, राहु केतु सदैव एक दूसरे से सप्तम होते है और विपरीत यानी वक्री गति से ही चलते है तो आइये इस लेख में हम जानते है बुध ग्रह के बारे में और ज्योतिष में उसकी क्या उपयोगिता है।
बुध ग्रह की बात करे तो फलित ज्योतिष में बुध को तर्क शक्ति और बुद्धि का कारक माना गया है, बुध कम्युनिकेशन का कारक है और इससे प्रभावित जातक अच्छा वकील, लेखक, गणितज्ञ और बड़ा ज्योतिषी होता है। बुध के बारे में फलित में एक सर्वमान्य नियम है और वो ये कि यह ग्रह नपुंसक ग्रह है और जिसके साथ यह बैठता है वैसा ही फल करता है।
बुध कैसा फल करेगा ये निर्भर करता है जिस राशि में वो बैठा है उसका बल कितना है और दूसरा वो जिस नक्षत्र में बैठा है उसका स्वामी कैसा फल कर रहा है ! बुध को हास्य विनोद का कारक भी माना गया है और बलवान बुध वाले जातक हमेशा हंसमुख स्वभाव वाले होते है।
अगर राशियों की बात करे तो कालचक्र की 2 राशि मिथुन और कन्या पर बुध का अधिकार है, मिथुन राशि जो तीसरे भाव का प्रतिनिधित्व करती है वो बुध की सामान्य राशि है वही कन्या राशि जो की छटे भाव को दर्शाती है वो बुध की उच्च राशि है, इन दोनों राशियों में जन्म समय बुध हो तो जातक उत्तम वक्ता, ज्ञानी और बेहद गंभीर होता है और अक्सर उच्च पद पर आसीन होता है।
नक्षत्र की बात करे तो बुध को 3 नक्षत्रों का स्वामित्व प्राप्त है जिसमे आश्लेषा, ज्येष्ठ, रेवती है वही सूर्य, शुक्र और राहु इनके मित्र ग्रह है और चन्द्रमा से इनकी शत्रुता है, मंगल शनि और गुरु के साथ इनका सम्बन्ध सम रहता है।
अगर जातक की कुंडली में बुध बलवान होगा तो व्यक्ति समझदार, वैज्ञानिक, गणितज्ञ, ज्योतिषी, मीडियाकर्मी, हास्य करने वाला, और उत्तम वक्ता होगा लेकिन अगर जातक की कुंडली में बुध कमजोर हो तो ऐसा जातक कमजोर और रोगी होता है, उसे बार बार त्वचा रोग होता है और भूलने की बीमारी होती है, स्मरण शक्ति कमजोर होती जाती है और जातक आलसी होता है.
फलित शास्त्रों में बुध का देवता विष्णु को कहा गया है और दान की वस्तुओं में हरे कपड़े, सब्जी, गाय का हरा चारा सम्मिलित किया गया है वही पन्ना को बुध का रत्न माना गया है इसलिये कमजोर बुध के जातकों को यह सब उपाय करने चाहिये।