{कन्नौज से रईस खान की रिपोर्ट}
कांग्रेस के यूथ संगठनों के पदाधिकारियों के मनोनयन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसके लिये जिलों में पद पाने वालों से आवेदन मांगे गये है। आवेदनों की जाँच के बाद आवेदक के साक्षात्कार के आधार पर उसे पद दिया जाएगा।

यूथ कांग्रेस व एनएसयूआई के पदाधिकारियों के चयन के लिये कांग्रेस नेतृत्व ने चुनाव की प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन उसमें सफलता मिलती न देख कांग्रेस ने फिर से इन दोनों संगठनों में मनोनयन प्रक्रिया शुरू की है।

इसके लिये मण्डल स्तर पर प्रभारी नियुक्त किये गये हैं। कन्नौज जिला कार्यालय पहुंचे कानपुर मंडल प्रभारी विपुल गुप्ता ने यूथ कांग्रेस में पद चाहने वालों का साक्षात्कार लिया।

उन्होंने बताया कि जिन कार्यकर्ताओं ने आवेदन किया है, उनका पीसीसी का पैनल दोबारा साक्षात्कार लेगा। अगर वह कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढाने वाला होगा तो उसे पार्टी जिम्मेदारी सौंपेगी। इस मौके पर यूथ जिलाध्यक्ष मुशीर खान ने नए पदों का चयन कर उनके नाम मण्डल प्रभारी को सौंपे।