बुरहानपुर जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार आयोजित जनकल्याण शिविरों के माध्यम से शासन की जनहितैषी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। विभिन्न विभागों द्वारा शिविर स्थलों पर काउंटर लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाया जा रहा है।
कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने ग्राम पंचायत बहादरपुर में आयोजित जनकल्याण शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाए और आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य परीक्षण व्यवस्था और विभागीय काउंटरों का अवलोकन किया। उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने रेडक्रॉस भवन और तिलक हॉल में आयोजित शिविरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और नागरिकों को सुविधाजनक वातावरण में सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

जिले में 12 जून से चल रहे इन शिविरों के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।