आईसीसी अंडर19 क्रिकेट वर्ल्ड कप की शुरूआत आज से दक्षिण अफ्रिका में होने जा रही है। पहले दिन जहां मेजबान दक्षिण अफ्रिका अपने अभियान की शुरूआत अफगानिस्तान के साथ मैच से करेगा, तो वहीं गत चैम्पियन और वर्ल्ड कप की प्रबल दावेदार कही जा रही टीम इंडिया अपने अभियान की शुरूआत 19 जनवरी से श्रीलंका के खिलाफ मैच से करेगी।
बता दें भारत चार बार साल 2000,2008,2012 और 2018 में आईसीसी अंडर19 का खिताब अपने नाम कर चुका है। यह वर्ल्ड कप 9 फरवरी तक चलेगा और इसमे 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी टीमों को चार ग्रुपो में बांटा गया है। यह अंडर19 वर्ल्ड कप का 13वां संस्करण है जिसको भारत ने सबसे ज्यादा 4 बार जीता है जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 3 बार इस ट्राफी को अपने नाम किया है।
आईसीसी अंडर19 वर्ल्ड कप से युवा खिलाड़ियों को एक नई पहचान मिलती है। इस बार सबकी नजरें मुंबई के 17 साल के बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल पर होगी। क्योंकि उन्होंने पिछले साल अक्टूबर में विजय हजारे ट्रॉफी में डबल सेंचुरी लगाकर सबका ध्यान अपनी ओर केंद्रित किया था। यशस्वी भारत की तरफ से लिस्ट ‘ए’ में दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी हैं।