1. हिन्दी समाचार
  2. खेल
  3. IND vs PAK: ‘यह जीत भारत के लिए’, पाकिस्तान को हराने के बाद बोले सूर्यकुमार यादव

IND vs PAK: ‘यह जीत भारत के लिए’, पाकिस्तान को हराने के बाद बोले सूर्यकुमार यादव

भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जीत को भारत के लिए बताया और पहले बल्लेबाजी करने के फैसले पर बयान दिया।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
IND vs PAK: ‘यह जीत भारत के लिए’, पाकिस्तान को हराने के बाद बोले सूर्यकुमार यादव

कोलंबो। भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव पाकिस्तान पर शानदार जीत के बाद बेहद खुश नजर आए। उन्होंने कहा, “यह जीत भारत के लिए है।” रविवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर सुपर-8 चरण के लिए क्वालिफाई किया। इस जीत के साथ भारत ने विश्व कप में जीत की हैट्रिक भी पूरी की।

ईशान और गेंदबाजों के दम पर भारत की बड़ी जीत

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। टीम की ओर से ईशान किशन ने शानदार अर्धशतक जमाया। जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। यह टी20 में रनों के अंतर से पाकिस्तान के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है। पहले बल्लेबाजों और फिर गेंदबाजों के संयुक्त प्रयास ने इस मुकाबले को पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया।

सूर्यकुमार बोले-पहले बल्लेबाजी करना सही फैसला था

मैच के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि इस पिच पर 155 रन प्रतिस्पर्धी स्कोर होता, लेकिन टीम उससे 15–20 रन अधिक बनाने में सफल रही। उन्होंने कहा, “इस पिच पर पहले बल्लेबाजी करना बेहतर विकल्प था। 175 तक पहुंचने के बाद हमें लगा कि हमने प्रतिस्पर्धी स्कोर से ज्यादा बना लिया है। 155 रन पर मुकाबला काफी करीबी होता।”

बल्लेबाजों और गेंदबाजों की जमकर तारीफ

सूर्यकुमार ने टीम के हर खिलाड़ी की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि ईशान किशन ने एक रन पर पहला विकेट गिरने के बाद जिम्मेदारी संभाली और बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने तिलक वर्मा, शिवम दुबे और रिंकू सिंह के योगदान को भी सराहा। गेंदबाजी पर बोलते हुए कप्तान ने कहा कि हार्दिक पांड्या ने नई गेंद से असर डाला और जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर साबित किया कि वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में क्यों गिने जाते हैं।

पाकिस्तान कप्तान सलमान आगा ने मानी कमजोरी

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने हार के बाद कहा कि पावरप्ले में ज्यादा विकेट गिरना टीम पर भारी पड़ा। उन्होंने कहा, “हम चार स्पिनरों के साथ उतरे, लेकिन हमारा दिन अच्छा नहीं रहा। पावरप्ले में तीन-चार विकेट गंवाने के बाद आप हमेशा मैच में पीछा करते रह जाते हैं।”

आगे का मुकाबला

भारत अब ग्रुप चरण के अपने अंतिम मुकाबले में नीदरलैंड से 18 फरवरी को भिड़ेगा। पाकिस्तान के खिलाफ मिली इस बड़ी जीत से भारतीय टीम का आत्मविश्वास चरम पर है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...