1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. बड़वानी में स्वरा भास्कर के बयान के विरोध में करणी सेना का प्रदर्शन, पुतला दहन कर सौंपा ज्ञापन

बड़वानी में स्वरा भास्कर के बयान के विरोध में करणी सेना का प्रदर्शन, पुतला दहन कर सौंपा ज्ञापन

बड़वानी में स्वरा भास्कर की जौहर संबंधी कथित टिप्पणी के विरोध में क्षत्रिय करणी सेना ने प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। संगठन ने राजपूत समाज की भावनाएं आहत होने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।

By: Nivedita 
Updated:
बड़वानी में स्वरा भास्कर के बयान के विरोध में करणी सेना का प्रदर्शन, पुतला दहन कर सौंपा ज्ञापन

बड़वानी। अभिनेत्री स्वरा भास्कर की जौहर को लेकर कथित टिप्पणी के विरोध में बड़वानी में क्षत्रिय करणी सेना ने प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने मोटी माता चौक स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा के सामने एकत्र होकर अभिनेत्री का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा गया।

महाराणा प्रताप प्रतिमा के सामने जुटे कार्यकर्ता

क्षत्रिय करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष इंदल सिंह राणा के आह्वान पर प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किए जाने की बात संगठन की ओर से कही गई है। इसी क्रम में बड़वानी में भी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बड़वानी जिला अध्यक्ष राजसिंह चौहान ने किया। कार्यकर्ताओं ने मोटी माता चौक पहुंचकर महाराणा प्रताप की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया और स्वरा भास्कर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया।

जौहर को लेकर टिप्पणी पर जताई नाराजगी

करणी सेना पदाधिकारियों का आरोप है कि जौहर को लेकर अभिनेत्री की टिप्पणी से राजपूत समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। संगठन ने रानी पद्मावती और जौहर करने वाली हजारों क्षत्राणियों के बलिदान को सम्मान की दृष्टि से देखने की बात कही। जिला अध्यक्ष राजसिंह चौहान ने कहा कि राजपूत समाज के ऐतिहासिक गौरव और परंपराओं को लेकर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले बयानों पर संगठन आगे भी विरोध दर्ज कराएगा।

 

राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

पुतला दहन के बाद करणी सेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने जौहर और राजपूत समाज से जुड़े विषयों पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों पर आपत्ति दर्ज कराई। साथ ही भविष्य में राजपूत समाज की भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणियों से बचने की मांग की गई।

प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन का दावा

करणी सेना की ओर से बताया गया कि प्रदेश अध्यक्ष के आह्वान पर विभिन्न स्थानों पर इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। बड़वानी में हुए प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के बाद ज्ञापन सौंपकर अपनी मांग प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति तक पहुंचाने की बात कही गई।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...