सिंगरौली जिले के वार्ड क्रमांक 38 तुलसी में लगभग 41 लाख रुपये की लागत से बनने वाले डॉग शेल्टर भवन का भूमिपूजन विधिवत संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पार्षद एवं अपीलीय समिति सदस्य अनिल बैस कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान सहित अन्य वार्ड वासियों के उपस्थिति में भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई गई भूमिपूजन के दौरान पार्षद ने नगर निगम के अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदार को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में एवं पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर पार्षद ने वार्ड वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। वार्ड में पार्षद कार्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र सहित कई विकास कार्य कराए जा चुके हैं। साथ ही संजीवनी क्लीनिक का निर्माण पूरा कर उसे संचालित किया जा चुका है, जिससे क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आगे भी वार्ड की समस्याओं को चिन्हित कर विकास कार्य निरंतर जारी रखे जाएंगे तथा सभी निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित की जाएगी।