सीहोर जिले के बुधनी क्षेत्र के रेहटी में किसानों ने मूंग की 100 प्रतिशत सरकारी खरीदी की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन किया। किसान स्वराज संगठन के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ शामिल हुए। किसानों ने नगर में रैली निकालकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
आंदोलन की शुरुआत रेहटी कृषि उपज मंडी परिसर से हुई, जहां जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे किसानों ने सभा आयोजित की। इस दौरान किसानों ने मूंग खरीदी सहित खाद वितरण और अन्य समस्याओं को लेकर सरकार के प्रति नाराजगी जताई। सभा के बाद किसान ट्रैक्टरों और पैदल रैली के रूप में नगर की सड़कों पर निकले। रैली कृषि मंडी से शुरू होकर जीरो पॉइंट तक पहुंची और वापस मंडी परिसर में समाप्त हुई। इस दौरान किसानों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारे लगाए।
रैली के बाद किसानों ने मंडी के सामने मुख्य सड़क पर धरना देकर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। बाद में किसानों ने मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री के नाम अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन एसडीएम बुधनी को सौंपा। ज्ञापन देने के बाद किसानों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

किसान स्वराज संगठन के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने कहा कि यदि किसानों की मांगों का समाधान एक सप्ताह के भीतर नहीं किया गया, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगला प्रदर्शन भोपाल में होगा और किसान अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखेंगे।
प्रदेश में उत्पादित मूंग की 100 प्रतिशत सरकारी खरीदी सुनिश्चित की जाए।
खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था को समाप्त कर किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराया जाए।
किसानों की अन्य लंबित समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए।