शनिवार को डरबन के किंग्समीड मैदान पर खेले गए सीरीज के दूसरे टी-20 मुकाबले में इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका को 2 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैड ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 204 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया।

इंग्लैंड की तरफ से बेन स्टोक्स ने सबसे ज्यादा 47 रनों की नाबाद पारी खेली। स्टोक्स के अलावा जेसन रॉय ने 40, मोईन अली ने 11 गेंदो पर ताबड़तोड़ 39 रनों की पारी खेली। दूसरे बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो 35 और कप्तान इयोन मॉर्गन ने भी 27 रनों की पारी खेली।

गेंदबाजी में दक्षिण अफ्रीका के लिए लुंगी नगिदी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट अपने नाम किया। तो एंडिले फेहलुक्वायो ने 2 विकेट और तबरेज शम्सी-ड्वेन प्रिटोरियस ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

जवाब में 205 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 202 रन ही बना सकी। साउथ अफ्रीका की सलामी जोड़ी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 7.5 ओवर में स्कोर बोर्ड पर 92 रन ठोक डाले।
सलामी जोड़ी के आउट होने के बाद अफ्रीका का कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक पिच पर टिक नहीं पाया बावजूद इसके टीम 20 ओवर में 202 रन ही बना सकी और अफ्रीका को 2 रन से हार का सामना करना पड़ा।

साउथ अफ्रीका की तरफ से कप्तान क्विंटन डि कॉक ने सबसे ज्यादा 65 रनों की पारी खेली तो दूसरे सलामी बल्लेबाज टेम्बा बावुमा ने 31 रन बनाए। डि कॉक ने महज 17 गेंदो पर अपना अर्ध्दशतक पूरा किया। गेंदबाजी में इंग्लैंड की ओर से टॉम कुरेन, क्रिस जॉर्डन और मार्क वुड ने 2-2 विकेट अपने नाम किए, जबकि बेन स्टोक्स ने 1 सफलता हासिल की।