नवादा। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से शुक्रवार को नवादा में जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जनसुनवाई में कुल 36 परिवाद दर्ज किए गए, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के तहत सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” का उद्देश्य नागरिकों को सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराना है। इसी व्यवस्था के तहत प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को विभिन्न सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित की जाती है।
जिला पदाधिकारी, नवादा रवि प्रकाश के निर्देश पर आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई की अध्यक्षता अपर समाहर्त्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शम्भू शरण पाण्डेय ने की। उन्होंने जनसुनवाई में पहुंचे लोगों की शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए ऑन द स्पॉट समाधान किया गया। वहीं, जिन मामलों में विभागीय जाँच की आवश्यकता थी, उन्हें संबंधित पदाधिकारियों के पास भेजते हुए समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
जनसुनवाई के दौरान अलग-अलग प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए। अकबरपुर थाना क्षेत्र के बरेव गांव की चम्पा देवी ने शौचालय निर्माण से जुड़ी समस्या रखी। वहीं पकरीबरावां थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव की बब्ली देवी ने वेतन भुगतान का मामला अधिकारियों के सामने रखा।
कोआकोल थाना क्षेत्र के छबैल गांव निवासी कैलाश चौहान ने कथित रूप से अवैध राशि निकासी से संबंधित शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा हिसुआ थाना क्षेत्र के खैराती बिगहा की धनवती देवी ने भूमि विवाद को लेकर आवेदन दिया।इनके अलावा भी बड़ी संख्या में लोगों ने सरकारी योजनाओं, सेवाओं और स्थानीय समस्याओं से जुड़े परिवाद प्रस्तुत किए।
अपर समाहर्त्ता ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी शिकायतों की जाँच निष्पक्ष तरीके से करने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी से बचाना और सरकारी व्यवस्था को अधिक जवाबदेह एवं पारदर्शी बनाना है।
इसी क्रम में अनुमंडल कार्यालय, नवादा सदर में भी अनुमंडल स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। अनुमंडल पदाधिकारी अमित अनुराग ने आम नागरिकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से प्राप्त मामलों की जाँच कर नियमों के अनुरूप और निर्धारित समय सीमा में समाधान करने को कहा। जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन ने आम लोगों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनने और उनके समाधान की प्रक्रिया को गति देने पर जोर दिया।
नवादा जिला प्रशासन का प्रयास है कि नागरिकों को सरकारी कार्यालयों से जुड़े कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। नियमित जनसुनवाई के जरिए लोगों की शिकायतों को सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने और उनके समाधान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने की पहल जारी है।