1. हिन्दी समाचार
  2. जन समस्या
  3. बैतूल में ट्रांसपोर्ट नगर की मांग तेज, ट्रक पार्किंग संकट पर यूनियन ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

बैतूल में ट्रांसपोर्ट नगर की मांग तेज, ट्रक पार्किंग संकट पर यूनियन ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

बैतूल ट्रक एंड ट्रांसपोर्ट यूनियन ने शहर में ट्रक पार्किंग की समस्या को लेकर ट्रांसपोर्ट नगर बनाने की मांग की है। यूनियन ने कोसमी औद्योगिक क्षेत्र में शासकीय भूमि आवंटित करने का सुझाव देते हुए कहा कि इससे यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था में सुधार होगा।

By: BS Yadav 
Updated:
बैतूल में ट्रांसपोर्ट नगर की मांग तेज, ट्रक पार्किंग संकट पर यूनियन ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

बैतूल: मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में ट्रकों की बढ़ती संख्या और पार्किंग की समस्या को लेकर ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों ने ट्रांसपोर्ट नगर की मांग तेज कर दी है। बैतूल ट्रक एंड ट्रांसपोर्ट यूनियन ने कलेक्टर और मुख्य नगरपालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर ट्रांसपोर्ट नगर के लिए उपयुक्त भूमि आवंटित करने की मांग की है।

यूनियन का कहना है कि जिले में वर्तमान में 400 से 600 बड़े ट्रक संचालित हो रहे हैं, लेकिन उनके ठहराव, रखरखाव, पार्किंग और लोडिंग-अनलोडिंग के लिए कोई व्यवस्थित स्थान उपलब्ध नहीं है। इसके चलते ट्रकों को शहर की मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खड़ा करना पड़ता है, जिससे यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

 

यूनियन ने बताया कि खुले स्थानों पर खड़े ट्रकों और उनमें लदे माल की सुरक्षा भी चुनौती बनी हुई है। वहीं, समुचित व्यवस्था के अभाव में लॉजिस्टिक्स संचालन प्रभावित होता है, जिससे परिवहन कार्य में देरी और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

ट्रांसपोर्ट यूनियन ने प्रशासन को सुझाव दिया है कि औद्योगिक क्षेत्र कोसमी में उपलब्ध शासकीय भूमि को ट्रांसपोर्ट नगर के लिए आवंटित किया जाए। उनका कहना है कि इससे भारी वाहनों के संचालन के लिए एक व्यवस्थित केंद्र विकसित होगा और शहर की यातायात व्यवस्था में भी सुधार आएगा।

यूनियन का मानना है कि ट्रांसपोर्ट नगर बनने से न केवल सड़क सुरक्षा बेहतर होगी, बल्कि परिवहन व्यवसाय को भी गति मिलेगी। साथ ही, स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और बैतूल में आधुनिक लॉजिस्टिक्स सुविधाओं का विकास हो सकेगा।
रिपोर्ट :कमलाकर तायवाड़े

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...