इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स में नेटफ्लिक्स की भारतीय सीरीज ‘दिल्ली क्राइम को ‘बेस्ट ड्रामा सीरीज का अवॉर्ड मिला है। रिची मेहता द्वारा निर्देशित इस वेबसीरीज में एक्ट्रेस शेफाली शाह ने डिप्टी कमिशनर ऑफ पुलिस का किरदार निभाया है।
अभिनेत्री शेफाली शाह अपनी वेब सीरीज ‘दिल्ली क्राइम को 48वें अंतर्राष्ट्रीय एमी अवॉर्ड्स में सर्वश्रेष्ठ ड्रामा सीरीज पुरस्कार जीतने पर खुश हैं। शेफाली ने कहा, ‘मैं बेहद खुश हूं। ये बहुत अद्भुत रहा है। ‘दिल्ली क्राइम’ का हिस्सा बनकर मुझे बहुत गर्व महसूस हो रहा है।’

उन्होंने कहा, ‘ये जीत मेरे लिए सोने पर सुहागा है। जबसे मैंने ‘दिल्ली क्राइम’ में काम किया है, तबसे मेरे लिए यह सोने पर सुहागा है। मुझे पता है कि यह शो मेरे लिए काफी स्पेशल है। एमी ने हमें वैश्विक मंच पर ला खड़ा किया है और इस सम्मान को पाकर मैं गौरवान्वित महसूस कर रही हूं।’
अभिनेत्री रसिका दुग्गल ने भी इस पर खुशी जाहिर की है। यह पहला ऐसा भारतीय शो बन गया है, जिसे इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया है। महामारी के चलते इस साल वर्चुअली आयोजित किए गए 48वें इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड में इस भारतीय सीरीज को बेस्ट ड्रामा सीरीज कैटेगरी में अर्जेटीना, जर्मनी और ब्रिटेन के कई शो संग नामांकित किया गया था।