पन्ना। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं मध्यप्रदेश के सह प्रभारी रणविजय लोचव 26 अगस्त को पन्ना के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। उनके प्रवास के दौरान पार्टी संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर की तैयारियों की समीक्षा को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीश खान के अनुसार 26 अगस्त को दोपहर 3 बजे सतना मार्ग स्थित अशोका होटल में संगठनात्मक समीक्षा एवं सत्यापन बैठक आयोजित होगी। बैठक में विधानसभा स्तर पर संगठन की स्थिति और पार्टी की तैयारियों की जानकारी ली जाएगी। इस बैठक में जिला प्रभारी राजभान सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी, जिला संगठन मंत्री सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। विधानसभा क्षेत्रों में संगठन के कामकाज और समितियों के गठन से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
समीक्षा बैठक के दौरान ब्लॉक एवं नगर अध्यक्षों से बीएलए-2 की नियुक्ति, पंचायत एवं वार्ड कमेटियों के गठन तथा नगर कमेटियों की मौजूदा स्थिति की जानकारी प्राप्त की जाएगी। संगठनात्मक स्तर पर किए गए कार्यों का सत्यापन भी किया जाएगा, ताकि पार्टी की जमीनी गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जा सके।
रणविजय लोचव 27 अगस्त को सुबह 10 बजे से वरिष्ठ कांग्रेसजनों, जिला पदाधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से एकल संवाद करेंगे। इस दौरान वे कार्यकर्ताओं से संगठन से जुड़े विषयों पर सीधे चर्चा करेंगे और स्थानीय स्तर की समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी लेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव के पन्ना प्रवास को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।