1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. CM Mohan Yadav ने किसानों को दिया बड़ा तोहफा

CM Mohan Yadav ने किसानों को दिया बड़ा तोहफा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान प्रदेश के 1.33 लाख से अधिक सोयाबीन किसानों के खातों में भावांतर योजना के अंतर्गत 233 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की।

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
CM Mohan Yadav ने किसानों को दिया बड़ा तोहफा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान प्रदेश के 1.33 लाख से अधिक सोयाबीन किसानों के खातों में भावांतर योजना के अंतर्गत 233 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की। उन्होंने कहा कि भावांतर भुगतान अन्नदाता के उत्थान का सबसे बड़ा माध्यम है।

सरकार ने योजना शुरू करने के 15 दिन के भीतर ही किसानों से किया वादा पूरा कर दिया। प्रदेश में 9 लाख से अधिक किसानों ने सोयाबीन बेचने के लिए पंजीयन कराया है, जिनमें से पहले चरण में 1.33 लाख किसानों को लाभ दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साल 4800 रुपए प्रति क्विंटल का भाव था, जबकि इस बार किसानों को 500 रुपए अतिरिक्त देकर 5300 रुपए से अधिक मूल्य पर सोयाबीन खरीदी जा रही है।

देवास जिले के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और हितलाभ वितरण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 183.25 करोड़ रुपए की लागत वाले विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। साथ ही जैविक खेती, पीएमएफएमई योजना, कृषि यंत्रों सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए। उन्होंने कृषि यंत्र एवं जैविक खेती को प्रोत्साहन देने वाली प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 को प्रदेश में कृषि आधारित उद्योग वर्ष के रूप में मनाया जाएगा, जिससे किसानों को अधिक अवसर और रोजगार मिलेंगे।

15 जनवरी तक बेच सकेंगे सोयाबीन, खरीद प्रक्रिया रहेगी पारदर्शी

मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजीकृत किसान 15 जनवरी तक अपनी उपज मंडियों में बेच सकेंगे। प्रदेश की 220 मुख्य एवं 80 उपमंडियों में ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से खरीदी की जा रही है। पूरी प्रक्रिया ई-मंडी पोर्टल पर पारदर्शी तरीके से दर्ज होती है और भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजा जा रहा है। रियल टाइम एंट्री और सीसीटीवी मॉनिटरिंग से व्यवस्था और अधिक सुरक्षित हुई है। किसानों की सुविधा के लिए भावांतर कॉल सेंटर भी संचालित किया जा रहा है।

कृषि, गौपालन और प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसान और जवान दोनों ही समान सम्मान रखते हैं। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए किसानों को प्रति एकड़ 4 हजार रुपए का अनुदान दिया जा रहा है। दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना लागू की गई है, जिसमें 40 लाख रुपए की डेयरी स्थापित करने पर 10 लाख रुपए का अनुदान दिया जाता है। नरवाई समस्या के समाधान हेतु कम्प्रेस्ड बायोगैस प्लांट भी शुरू किए गए हैं।

लाड़ली बहनों और किसानों के लिए लगातार सौगातें

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाकर 1500 रुपए कर दी गई है। किसानों को सोलर पंप लगाने पर अनुदान दिया जा रहा है। श्रीअन्न कोदो-कुटकी के लिए भी 11 जिलों में 1000 रुपए प्रति क्विंटल बोनस दिया गया है। गेहूं और धान पर भी बोनस देकर किसानों की आय बढ़ाई जा रही है। राज्य सरकार के प्रयासों के परिणामस्वरूप हाल ही में केंद्र सरकार से प्रदेश को औद्योगिक विकास के लिए 4 पुरस्कार प्राप्त हुए हैं।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और किसानों ने की भागीदारी

कार्यक्रम में कृषि मंत्री एदल सिंह कंशाना, सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक गायत्री राजे पवार, महापौर गीता अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, किसान और लाड़ली बहनें शामिल हुईं। मुख्यमंत्री के स्वागत में रोड शो भी आयोजित किया गया।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...