मुंबई पुलिस ने फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर में डेफिनेट का किरदार निभाने वाले जीशान कादरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जीशान पर एक प्रोड्यूसर ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
प्रोड्यूसर ने आरोप लगाया है कि उन्होंने और उनके दोस्त ने एक वेब सीरीज के लिए 1.5 करोड़ रुपये दिए थे, जिसे राइटर और एक्टर जीशान कादरी बनाने वाले थे, लेकिन यह वेब सीरीज नहीं बनी और न ही प्रोड्यूसर को पैसा वापस किया गया। इसके बाद प्रोड्यूसर ने मुंबई पुलिस में जीशान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
बताते चलें कि जीशान कादरी ने ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ में एक्टिंग के अलावा इस फिल्म की कहानी भी खुद लिखी थी। इसके अलावा वह ‘मेरठिया गैंगस्टर’, ‘हलाहल’ और ‘छलांग’ जैसी फिल्में लिख चुके हैं।
जीशान कादरी ने ‘रिवॉल्वर रानी’, ‘होटल मिलन’ जैसी फिल्मों में काम भी किया है। हाल ही में जीशान, दिव्येंदु शर्मा की वेब सीरीज ‘बिच्छू का खेल’ में नजर आए थे। इस सीरीज में उन्होंने पुलिस इंस्पेक्टर की भूमिका निभाई थी।