करवाचौथ के चलते कानपुर के बाजारों की रौनक काफी बढ़ गई है। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से भी काफी संख्या में महिलाएं और युवतियां कपड़े, चुड़ियों सहित अन्य साज-सज्जा का सामान खरीदने की लिए पहुंच रही हैं। दिनभर नगर के लगभग सभी बाजारों में खुब रौनक है।

कानपुर के सर्राफा दुकान से लेकर ब्यूटी पार्लर, साड़ी व कॉस्मेटिक की दुकानों में भीड़ उमडऩे लगी है। आभूषणों से लेकर साड़ी व सलवार सूट की जमकर बिक्री हो रही है। कोविड-19 के बाद त्योहारी सीजन पर उमडऩे वाली भीड़ से दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे हैं। महिलाएं करवाचौथ की तैयारी में लग गई हैं।
चार नवंबर को करवाचौथ है, जिसको लेकर महिलाओं ने खरीदारी करना शुरू कर दी है। नेहरू रोड, रेलवे रोड, सेठ गली, चौक, होरीलाल मार्केट, घुमना बाजार, स्टेट बैंक रोड गली फर्रुखाबाद, सुतहट्टी, किराना बाजार, पक्कापुल, भोलेपुर, कोतवाली रोड फतेहगढ़ व चूड़ी वाली गली आदि बाजारों में स्थित चूड़ी, कॉस्मेटिक, साड़ी, ब्यूटी पार्लर से लेकर सर्राफा दुकानों में पहुंचकर लोग खरीददारी कर रहे हैं।

सर्राफा दुकानों पर विभिन्न वैरायटियों के टॉप्स, अंगूठी, बाली, सुई-धागा, कुंडल, मंगलसूत्र व बिछिया आदि उपलब्ध है। सर्राफा दुकानदार अमित भल्ला उर्फ राजू का कहना है कि करवाचौथ पर मंगलसूत्र, अंगूठी, टॉप्स, चांदी की बिछिया व अंगूठा की डिमांड रहती है।
करवाचौथ को लेकर मिट्टी के करवा की जमकर बिक्री हो रही है। रेलवे रोड स्थित मठिया देवी मंदिर के पास महिलाएं फुटपाथ से मिट्टी के करवा खरीदते दिखीं। मिट्टी के करवा 15 से 25 रुपये तक के बिके। वहीं चूरा 50 से 60 रुपये किलो और सिरकी का मूल्य पांच रुपये प्रति गड्डी रहा।