रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले गये टेस्ट मैच में ऐतिहासिक लॉड्स के मैदान पर करारी शिकस्त दी है। इंग्लैंड की टीम इस हार को पचा नहीं पा रही है। वहीं अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने बुधवार को टेस्ट रैंकिंग जारी की है। इसमें शानदार शतक जड़ने वाले टीम इंडिया के सलामीं बल्लेबाज केएल राहुल को बड़ा फायदा हुआ है। राहुल 19 पायदान के फायदे के साथ 37वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

आपको बता दें कि राहुल के अलावा कप्तान विराट कोहली पांचवें, रोहित शर्मा छठवें और ऋषभ पंत सातवें स्थान पर बरकरार हैं। वहीं भारत के रविंद्र जडेजा टेस्ट आलराउंडर्स की सूची में एक स्थान नीचे तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। रविचंद्रन अश्विन इस सूची में चौथे स्थान पर हैं।
जबकि मोहम्मद सिराज 18 स्थान के फायदे से 38वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने लार्ड्स टेस्ट की दोनों पारियों में चार-चार विकेट चटकाए थे। उनके अलावा तेज गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह एक स्थान के नुकसान से 10वें स्थान पर हैं। बुमराह ने भी लॉर्ड्स टेस्ट की दूसरी पारी में 3 विकेट चटकाए थे।
वहीं ताजा रैंकिंग में शीर्ष पर न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन हैं। दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के कप्तान जो रूट पहुंच गए हैं। गेंदबाजों की बाद करें, तो इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को एक स्थान का फायदा हुआ है। उन्होंने भारत के खिलाफ पहली पारी में पांच विकेट चटकाए थे। तेज गेंदबाज मार्क वुड 37वें स्थान पर हैं। आईसीसी रैंकिंग में गेंदबाज़ों की लिस्ट में पैट कमिन्स टॉप पर हैं।