बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में एक कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी औऱ कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। शाह ने नागरिकता संशोधन कानून के मुद्दे पर भी कांग्रेस और आप को घेरा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी औऱ प्रियंका गांधी ने CAA पर देश की जनता को गुमराह किया है।
दरअसल महाराष्ट्र की सत्ता हाथ से निकल जाने के बाद अब अमित शाह दिल्ली की सत्ता हासिल करने की कोशिश में जुट गए हैं। इसी सिलसिले में शाह ने कार्यकर्ताओं को जोश भरने के लिए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया है। इस दौरान शाह दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर भी जमकर बरसे।
अमित शाह ने CAA के विरोध में दिल्ली में हुए प्रदर्शनों के दौरान फैली हिंसा के लिए कांग्रेस औऱ आम आदमी पार्टी को सीधे तौर पर दोषी ठहराया है। उन्होंने कहा कि, राहुल गांधी औऱ प्रियंका गांधी ने CAA पर जनता को गुमराह कर दंगे कराने का काम किया है। 1984 में सिखों का नरसंहार हुआ था, इस दौरान कई सिख भाई-बहनों को कत्लेआम कर दिया गया। कांग्रेस की सरकारें उनके घावों पर मरहम नहीं लगाती थी लेकिन मोदी सरकार ने हर पीड़ित को 5-5 लाख रूपये का मुआवजा दिया है औऱ जो भी दोषी थे उन्हें जेल की सलाखों के पीछे डाला है।
अमित शाह यही नहीं रूके उन्होंने पाकिस्तान के ननकाना साहिब गुरूद्वारे पर हुए हमले के बहाने भी विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, केजीवाल, राहुल गांधी और सोनिया आंखें खोलकर देख लें। पाकिस्तान ने ननकाना साहिब जैसे पवित्र स्थल पर हमला करके सिख भाईयों को आतंकित कर दिया है। शाह ने राम मंदिर मुद्दे को लेकर भी विपक्षियों को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राम मंदिर मामले को सालों से रोककर रखा था। वह इसका कोर्ट में विरोध करती थी। लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट ने फैसला दिया है कि राम जन्मभूमि पर मंदिर बनना चाहिए जो देश के करोड़ों लोगों की इच्छा थी।
बीजेपी अध्यक्ष ने दिल्ली की केजरीवाल सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होने केजरीवाल से पूछा की आप बताइये कि दिल्ली के लिए क्या किया है। आपने कहा था कि 20 कॉलेज बनाएंगे, ये कॉलेज कहां गए। पांच हजार से ज्यादा स्कूल बनाने का वादा किया था, लेकिन कहीं भी स्कूल नहीं दिखता है।
अमित शाह ने दिल्ली में कच्ची कॉलनियों को पक्का करने को लेकर जारी घमासान पर भी दिल्ली सरकार को निशाने पर लिया। उन्होने कहा कि अभीतक सभी दल अनाधिकृत कॉलोनियों पर राजनीति करते थे लेकिन पीएम मोदी ने एक ही झटके में सारी कॉलोनियों को अधिकृत कर दिया। अमित शाह ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि, केजरीवाल ने दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत काम नहीं होने दिया, आयुष्मान भारत योजना भी लागू नहीं करने दिया।