टीकमगढ़: जिले की लिधौरा तहसील अंतर्गत ग्राम पैतपुरा स्थित चौड़ा सरकार पहाड़ पर कथित अवैध उत्खनन और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इस संबंध में नवागत तहसीलदार डॉ. अनिल कुमार गुप्ता को शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीण रामकुमार अहिरवार और राजेश अहिरवार का आरोप है कि चौड़ा सरकार पहाड़ क्षेत्र में लगातार अवैध उत्खनन किया जा रहा है तथा शासकीय भूमि पर कब्जा करने का प्रयास हो रहा है। उनका कहना है कि इससे न केवल सरकारी भूमि प्रभावित हो रही है, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है।

ग्रामीणों की शिकायत पर तहसीलदार डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि शिकायत की जांच के लिए नायब तहसीलदार को मौके पर भेजा जाएगा।
तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में अवैध उत्खनन और अतिक्रमण के आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।