रिपोर्ट- धीरज मिश्रा
Manoj Tiwari Corona Positive: दिल्ली से बीजेपी के सांसद मनोज तिवारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं. मनोज तिवारी ने खुद ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। मनोज तिवारी ने बताया कि उन्होंने लक्षण दिखने पर पहले ही खुद को आइसोलेट कर लिया था

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बाद सांसद मनोज तिवारी भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। 2 जनवरी की रात से मनोज तिवारी खुद को अस्वस्थ महसूस कर रहे थे। हल्का बुखार व जुकाम होने के कारण वह उत्तराखंड रूद्रपुर प्रचार अभियान में भी नहीं जा सके। उन्होंने बताया कि कोविड रिपोर्ट पाजिटिव आई है। सावधानी बरतते हुए उन्होंने खुद को सोमवार को ही आइसोलेट कर लिया था। वहीं,अरविंद केजरीवाल भी पाजिटिव होने के कारण होम आइसोलेट हैं।
परसों (2 Jan) रात से ही अस्वस्थ महसूस कर रहा था।हल्का बुखार और ज़ुकाम होने के कारण कल उत्तराखंड – रूद्रपुर प्रचार में भी नहीं जा पाया था..टेस्ट में आज पॉज़िटिव आया हूँ..
सतर्कता बरतते हुए अपने आप को कल ही isolate कर लिया था.
कृपया अपना और अपने परिवार का ध्यान रखें 🙏— Manoj Tiwari 🇮🇳 (@ManojTiwariMP) January 4, 2022
मनोज तिवारी से पहले सुबह अरविंद केजरीवाल ने कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी थी। केजरीवाल ने लिखा था, ‘मुझे कोरोना संक्रमण हुआ है, लक्षण हल्के हैं। मैंने फिलहाल खुद को घर में आइसोलेट कर लिया है। जो भी लोग पिछले कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आए हैं वे खुद को आइसोलेट कर लें और कोरोना टेस्ट करा लें।’
राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण बहुत तेजी से फैल रहा है। राजधानी दिल्ली में सोमवार को कोरोना के 4099 नए मरीज मिले थे, वहीं संक्रमण दर अब 6.46 फीसदी पहुंच गई है।
दिल्ली में 29 दिसंबर को कोरोना के 923 केस दर्ज हुए थे। इसके बाद 30 दिसंबर को 1313 केस, 31 दिसंबर को 1796 केस आए। लेकिन नया साल शुरू होते ही अचानक संख्या में बड़ा उछाल देखने को मिला। 1 जनवरी को दिल्ली में 2796 केस आए, जबकि 2 जनवरी की रिपोर्ट में 3194 केस आए और अब 3 जनवरी को संक्रमितों की संख्या 4099 हो गई है।