तमिल टेलिविजन एक्ट्रेस वीजे चित्रा गत बुधवार सुबह एक होटल रूम में मृत पाई गई थीं। इस मामले में अब पुलिस ने चित्रा के पति को गिरफ्तार कर लिया है। चित्रा की मां ने हेमंत पर आरोप लगाया था कि वह उनकी बेटी को प्रताड़ित करते थे, जिसके कारण उसने आत्महत्या का कदम उठाया। पुलिस ने अब एक्ट्रेस के पति हेमंत को कथित तौर पर उसे सुसाइड के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, टेलिविजन एक्ट्रेस वीजे चित्रा ने आत्महत्या की है और इसका कारण आर्थिक परेशानी हो सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हेमंत के खिलाफ धारा 306, आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया था। उन्हें पूनमल्ली अदालत के मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया और पोन्नेरी जेल में रखा गया। ईवीपी फिल्म सिटी, चेन्नई के पास एक निजी होटल में 9 दिसंबर को चित्रा ने आत्महत्या की थी।
मिली जानकारी के अनुसार, हेमंत एक टीवी सीरियल में चित्रा द्वारा इंटीमेट सीन दिए जाने से नाराज थे। एसिस्टेंट कमिशनर सुदर्शन ने बताया कि चित्रा द्वारा टीवी पर फिल्माए एक सीन से हेमंत खुश नहीं थे और जिस दिन चित्रा की मौत हुई उस दिन भी हेमंत ने उनके साथ गलत बर्ताव किया था। घटना के बाद से पुलिस कई दिनों तक चित्रा के दोस्तों और हेमंत से पूछताछ करती रही और इस पूछताछ के बाद ही गिरफ्तार किया गया है।