मुबंई: जोश, दाग द फायर, माचिस जैसी फिल्मों में अपने काम से सबका दिल जीतने वाले चंद्रचूड़ सिंह वेब सीरीज आर्या के जरिए काफी लंबे समय के बाद वापसी कर रहे हैं। हाल ही में मीडिया से बातचीत करते हुए चंद्रचूड़ ने बताया कि एक चोट की वजह से उन्हें काफी सालों तक फिल्मों से दूर रहना पड़ा। उन्होंने बताया कि गोवा में वाटर स्कीइंग के दौरान उनके कंधे पर गहरी चोट लग गई थीं।
चंद्रचूड़ ने कहा, मैं कई फिल्मों में काम कर रहा था, लेकिन चोट की वजह से मेरी फिल्में रुक गई थी। मैंने फिजियोथेरेपी और सर्जरी भी करवाई, लेकिन दिक्कत दोबारा उभर आती थी। इससे मेरे करियर पर भी असर पड़ा।
चंद्रचूड़ सिंह ने साल 1996 में अमिताभ बच्चन के प्रोडक्शन में बनी फिल्म ‘तेरे मेरे सपने’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। हालांकि, ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा सकी लेकिन चंद्रचूड़ के काम की सराहना हुई। इसके बाद वो फिल्म ‘मासिक’ में दमदार किरदार निभाते हुए दिखाई दिए। इस फिल्म में उनके साथ तब्बू (Tabu) भी मुख्य भूमिका में थी. फिल्म को दर्शकों ने काफी प्यार दिया।
आज भी इस फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए चंद्रचूड़ को याद किया जाता है। माचिस के बाद उन्होंने ‘क्या कहना’, ‘जोश’ और ‘दाग: द फायर’ जैसी हिट फिल्मों में काम किया. लेकिन उसके बाद वो बॉलीवुड से धीर-धीरे गायब होते चले गए।
आपको बता दें साल 2000 में गोवा में बोट राइडिंग के वक्त चंद्रचूड़ का एक्सीडेंट हो गया था। उस हादसे में चंद्रचूड़ के कंधे में बहुत चोट लगी थी. खबरों की मानें तो इस भयानक हादसे से बाहर निकलने में चंद्रचूड़ सिंह को लगभग 10 साल लग गए। लंबे समय तक फिल्मों से ब्रेक लेने के बाद चंद्रचूड़ ने साल 2012 में फिल्म ‘चार दिन की चांदनी’ से वापसी की। लेकिन ये भी बॉक्स ऑफिस पर टिक नहीं पाई। वहीं इस साल आई वेब सीरीज ‘आर्या’ में सुष्मिता सेने के साथ चंद्रचूड़ नजर आए थे।