बैतूल जिले में चातुर्मास के शुभ अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। बुधवार को आर्यिका रत्न 105 विरम्या श्री माताजी एवं आर्यिका रत्न 105 विसंयोजना श्री माताजी का भव्य नगर प्रवेश धार्मिक उत्साह और आस्था के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर सकल जैन समाज द्वारा विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया।
आर्यिका माताओं की शोभायात्रा हमलापुर से प्रारंभ होकर कॉलेज चौक, बाबू चौक, शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, गंज होते हुए पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, विनोबा वार्ड पहुंची। पूरे यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर आर्यिका माताओं का स्वागत किया। धार्मिक जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा शहर आध्यात्मिक वातावरण में डूबा नजर आया।

शोभायात्रा में धर्मध्वजा लेकर घोड़ों पर सवार सुसज्जित बालिकाएं विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। डीजे पर गूंजते जिनेंद्र भजनों और श्रद्धालुओं के उत्साह ने पूरे आयोजन को और अधिक भव्य बना दिया। जगह-जगह समाज के लोगों और नागरिकों ने आर्यिका माताओं का अभिनंदन कर चातुर्मास आगमन का स्वागत किया।
बैतूल में आयोजित इस नगर प्रवेश कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और भक्ति भावना का सुंदर संदेश दिया। दिनभर शहर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा। जैन समाज के लोगों ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि आर्यिका माताओं के आगमन से क्षेत्र में आध्यात्मिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी।