दतिया जिले के चिरूला थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर नींबू से भरे एक ट्रक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसा चिरूला थाना के सामने हुआ, जहां देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज गर्मी के बीच ट्रक चालक ने वाहन के ब्रेक लगाए, तभी अचानक आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद चालक और परिचालक ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही चिरूला थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था।
हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और स्थिति सामान्य कराई।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह अत्यधिक गर्मी और ब्रेक सिस्टम में तकनीकी खराबी मानी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।