गुना जिले के उमरी चौकी क्षेत्र के जंगल में तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग और पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। चीरा घाट क्षेत्र के रानी-रुशनी गुफा के पास तेंदुए के मृत पाए जाने की सूचना मिलने के बाद कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को जानकारी दी गई। इसके बाद उमरी चौकी, म्याना थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
मौके के निरीक्षण के दौरान तेंदुए के शरीर पर गंभीर क्षति के निशान पाए गए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों द्वारा वन्यजीव को नुकसान पहुंचाया गया है। वन विभाग ने घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

वन विभाग की टीम ने मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद वन्यजीव संरक्षण नियमों के तहत शव का अंतिम निस्तारण किया गया। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मामले की जांच कर रही है। वन्यजीव संरक्षण से जुड़े इस मामले में दोषियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।