1. हिन्दी समाचार
  2. मनोरंजन
  3. मुश्किल में रिपब्लिक और टाइम्स नाउ, 38 प्रोडक्शन हाउस ने किया मुकदमा-पढ़ें

मुश्किल में रिपब्लिक और टाइम्स नाउ, 38 प्रोडक्शन हाउस ने किया मुकदमा-पढ़ें

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
मुश्किल में रिपब्लिक और टाइम्स नाउ, 38 प्रोडक्शन हाउस ने किया मुकदमा-पढ़ें

बॉलीवुड फ़िल्म इंडस्ट्री की छवि बिगाड़ने को लेकर 38 फ़िल्म कम्पनियों और संस्थाओं ने दिल्ली हाई कोर्ट में एक वाद दायर किया है।

जिसमें बॉलीवुड को लेकर गैरज़िम्मेदाराना, अपमानजनक और बदनाम करने वाली बयानबाज़ी और मीडिया ट्रायल्स करने से कुछ मीडिया हाउसेज़ और टीवी जर्नलिस्ट्स को रोकने की अपील की गयी है।

वाद दायर करने वालों में शाहरुख़ ख़ान, सलमान ख़ान, आमिर ख़ान, अक्षय कुमार और अजय देवगन की कम्पनियों समेत कई बड़े प्रोडक्शन हाउसेज शामिल हैं।

पिछले चार महीनों में तमाम मीडिया रिपोर्ट्स में बॉलीवुड को लेकर काफ़ी कुछ कहा गया। ख़ासकर, ड्रग्स की जांच के दौरान कई बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ को इससे जोड़ा गया और बॉलीवुड को ऐसे जगह बताने की कोशिश की गयी, जहां ड्रग्स जैसी बुराइयों को बोलबाला है।

दिल्ली हाई कोर्ट में जो सिविल सूट दाख़िल किया गया है, उसमें रिपब्लिक टीवी और टाइम्स नाऊ के नाम शामिल हैं। साथ ही अर्नब गोस्वामी, प्रदीप भंडारी, राहुल शिवशंकर और नविका कुमार को भी पार्टी बनाया गया है।

वाद में न्यूज़ चैनल्स से प्रोग्राम कोड का पालन करते हुए छवि ख़राब करने वाले कंटेंट को हटाने की मांग भी की गयी है। आरोप है कि चैनल्स ने बॉलीवुड को लेकर बेहद भद्दी भाषा का इस्तेमाल किया है।

इस वाद के लिए 34 बड़े प्रोडक्शन हाउसेज़ और 4 फ़िल्म संस्थाएं एक साथ आये हैं। फ़िल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री ने इन सभी के नामों की लिस्ट साझा की है।

इस लिस्ट के अनुसार, द फ़िल्म एंड टेलीविज़न प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ़ इंडिया, स्क्रीन राइटर्स एसोसिएशन, द सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन और इंडियन फ़िल्म एंड टीवी प्रोड्यूसर्स काउंसिल शामिल हैं।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...