भारत की अध्यक्षता में इंदौर में आयोजित 16वीं ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान कृषि, खाद्य सुरक्षा और पोषण को मजबूत करने पर व्यापक चर्चा हुई।
बैठक में “इंदौर घोषणा” को अपनाया गया, जिसमें कृषि क्षेत्र, खाद्य सुरक्षा और पोषण को सुदृढ़ करने के लिए साझा प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। सभी सदस्य देशों ने मिलकर कृषि क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।

इस बैठक में कई नई पहलों पर सहमति बनी, जिनमें कृषि विज्ञान और पुनर्योजी (रेजेनरेटिव) कृषि पर उत्कृष्टता केंद्र का ब्रिक्स नेटवर्क शामिल है। साथ ही डिजिटल कृषि के लिए एक नेटवर्क और ब्रिक्स कृषि अनुसंधान मंच को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में बीज प्रणाली और किसानों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर एक वैश्विक मंच स्थापित करने पर भी सहमति बनी, जिससे किसानों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
ब्रिक्स देशों ने एक साथ मिलकर सुरक्षित, सतत और आधुनिक कृषि प्रणाली विकसित करने का संकल्प लिया है, जिससे वैश्विक स्तर पर खाद्य सुरक्षा और कृषि विकास को नई दिशा मिल सके।