रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: भारतीय महिला टीम सात साल के लंबे इंतजार के बाद इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट मैच खेल रही है। मैच का दूसरा दिन युवा सलामीं बल्लेबाज शेफाली वर्मा के नाम रहा। शेफाली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट डेब्यू में ही 96 रनों की धमाकेदार पारी खेली। शेफाली शतक बनाने से चार रनों से चूक गईं, लेकिन उन्होंने एक बड़े रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया है।
आपको बता दें कि शेफाली भारतीय टीम की तरफ से डेब्यू टेस्ट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाली बल्लेबाज बन गईं हैं। शेफाली के साथ सलामीं बल्लेबाजी करने आई स्मृति मंधाना ने भी शानदार बल्लेबाजी की है। स्मृति ने 78 रनों की जोरदार पारी खेली।

शेफाली ने 152 गेंदों पर 96 रन में 13 चौके और दो छक्के लगाए। शेफाली 96 रन पर पहुंच चुकी थीं कि तभी उन्होंने केट क्रॉस की गेंद पर अन्य श्रब्सोल को कैच थमा दिया। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने इंग्लैंड की तेज और स्पिन गेंदबाजों का डटकर सामना करते हुए पहले विकेट के लिए 167 रनों की साझेदारी की। इसके बाद इंग्लिश गेंदबाजों ने जोरदार वापसी की और भारत की पांच बल्लेबाजों को महज 16 रनों के अंदर चलता किया। इंग्लैंड की तरफ से कप्तान नाइट ने छह ओवर में मात्र एक रन पर दो विकेट झटके जबकि क्रॉस, शिवर और एक्लस्टोन ने एक एक विकेट लिया।
इससे पहले सोफिया डंकली की नाबाद 74 रन की शानदार पारी और उनकी 10वें नंबर की बल्लेबाज अन्य श्रब्सोल (47) के साथ नौंवें विकेट के लिए 70 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की बदौलत इंग्लैंड ने छह विकेट 269 रन से आगे खेलते हुए नौ विकेट पर 396 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी।
भारतीय टीम की तरफ से स्नेह राणा ने 39.2 ओवर में 151 रन देकर चार विकेट और दीप्ति शर्मा ने 27 ओवर में 65 रन पर तीन विकेट,पूजा वस्त्रकर ने 14 ओवर में 53 रन पर एक विकेट तथा झूलन गोस्वामी ने 21 ओवर में 58 रन देकर एक विकेट लिया।