देश का एक और स्टार पहलवान कोरोना महामारी की चपेट में आया। कुश्ती विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता पहलवान राहुल अवारे कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
4 सितंबर को राहुल ने पहलवानों के कैम्प में भाग लेने के लिए सोनीपत की साई कैम्पस में रिपोर्ट किया था। उनकी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव आई. साई ने रविवार को एक बयान जारी कर राहुल के कोविड-19 पॉजिटिव होने की जानकारी दी।
साई ने बयान में लिखा, “फ्रीस्टाइल पुरुष कुश्ती खिलाड़ी राहुल अवारे (57 किलोग्राम), जो चार तारीख को साई के सोनीपत सेंटर में लगाए जा रहे राष्ट्रीय पुरुष कुश्ती शिविर में हिस्सा लेने आए थे, उनका साई के प्रोटोकॉल्स के मुताबिक अनिवार्य कोविड-19 टेस्ट किया गया जिसका परिणाम पॉजिटिव आया है।
उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आगे उनकी मॉनिटरिंग चलती रहेगी। हालांकि राहुल अवारे कैम्प में आने के बाद किसी के संपर्क में नही आये थे क्योंकि उन्होंने खुद को क्वारन्टीन कर लिया था।