बुधवार को खेले गए नेपाल और अमेरिका के बीच वनड़े मैच में नेपाल ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए क्रिकेट जगत में इतिहास रच डाला। नेपाल ने अमेरिका की टीम को महज 35 रनों पर ढेर कर दिया।
बता दें यह वनडे इंटरनेशनल के इतिहास में सबसे कम स्कोर का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इससे पहले साल 2004 में श्रीलंका ने जिम्बाब्वे को भी 35 रनों पर ऑल आउट किया था।
आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 के 30वें मुकाबले में नेपाल ने यह अद्भुत रिकॉर्ड बनाया। त्रिभुवन यूनिवर्सिटी इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड कीर्तिपुर, नेपाल में खेल गए इस मैच में अमेरिकी टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवरों में 35 रनों पर सिमट गई।
नेपाल के स्टार लेग स्पिनर संदीप लामिछाने ने 16 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए जबकि दूसरे स्पिनर सुशान भारी ने 5 रन देकर 4 विकेट चटकाए।
बता दें अमेरिका की पारी महज 72 गेंदों में ही खत्म हो गई। अगर बात गेंदों की करें, तो यह सबसे छोटी पारी है। इससे पहले सबसे कम गेंदों में पारी खत्म होने का रिकॉर्ड 2017 में बना था, जब अफगानिस्तान के खिलाफ जिम्बाब्वे की टीम 83 गेंदों में 54 रन बनाकर आउट हो गई थी।
जिसके बाद नेपाल ने यह मैच कुल 32 गेंदो में ही जीत लिया। इस हिसाब से मैच में कुल 104 गेंद फेंकी गई। यानी परिणाम हासिल करने के लिहाज से यह सबसे कम गेंदों वाला वनडे इंटरनेशनल मैच रहा।