शारजाह में कल से महिला टी-20 चैलेंज की शुरुआत हो गई है। पहला मुकाबला वेलोसिटी और सुपरनोवाज के बीच हुआ। वेलोसिटी ने सुपरनोवाज को पांच विकेट से हरा हराकर जीत के साथ अपनी शुरुआत की।
वेलोसिटी की कप्तान मिताली राज ने सुपरनोवाज के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर सुपरनोवाज ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 126 रन बनाए।
सुपरनोवाज की ओर से चमारी अटापट्टू ने 44, हरमनप्रीत कौर ने 31, शशिकला सिरीवर्धने ने 18 और प्रिया पुनिया ने 11 रन बनाए थे। एकता बिष्ट ने वेलोसिटी के लिए चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट झटके। इसके अतिरिक्त जहाँआरा आलम और लीघ कास्पेरेक ने दो-दो खिलाड़ियों को आउट किया था।
सुपरनोवाज ने वेलोसिटी के सामने 127 रनों का लक्ष्य सामने रखा था, जिसे वेलोसिटी ने 1 गेंद रहते हासिल कर लिया। वेलोसिटी के लिए सुन लूस ने सबसे अधिक 37 रनों की पारी खेली। इसके अलावा सुषमा वर्मा ने 34, वेदा कृष्णमूर्ति ने 29 और शैफाली वर्मा ने भी 17 रनों का योगदान दिया।
सुपरनोवाज की तरफ से अयाबोंगा खाका ने 2, जबकि राधा यादव, पूनम यादव और शशिकला सिरीवर्धने ने एक-एक विकेट झटके। वेलोसिटी की जीत में अहम भूमिका निभाने के लिए सुन लूस को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।