मुंबई इंडियंस और भारत के तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह इन दिनों धमाल मचा रहे हैं। आइए आपको बताते हैं कि आज बुमराह अपने नाम कौन सा रिकॉर्ड दर्ज करने वाले हैं।
दरअसल दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों में से एक बुमराह आईपीएल में 100 विकेट लेने से सिर्फ तीन कदम दूर हैं। आईपीएल 2020 में बुमराह बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने अब तक नौ मैचों में 15 विकेट लिया है। अगर आज बुमराह 3 विकेट ले लेते हैं तो उनके नाम आईपीएल के इतिहास में 100 विकेट हो जायेंगे।
आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड मलिंगा के नाम दर्ज है। उन्होंने 122 मैचों में 170 विकेट लिए हैं। दूसरे नंबर पर अमित मिश्रा हैं जिन्होंने इस सीजन में अपने विकेटों की संख्या 150 मैचों में 160 विकेट पहुंचा दी थी। हालांकि उंगली की चोट के कारण मिश्रा को आईपीएल 2020 से बाहर होना पड़।
तीसरे नंबर पर चेन्नई सुपरकिंग्स के स्पिनर पीयूष चावला हैं जिन्होंने 164 मैचों में 156 विकेट लिए हैं। इसके बाद चेन्नई के ही ड्वेन ब्रावो ने 153 और मुंबई की तरफ से काफी मुकाबले खेल चुके हरभजन सिंह ने 150 विकेट चटकाये हैं।
मुंबई इंडियंस की तरफ से आईपीएल में पर्दापण करने वाले बुमराह ने अब तक 88 मैचों में 97 विकेट लिए हैं। फिलहाल सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले बुमराह 17वें नंबर है।
आईपीएल 2020 में ट्रेंट बोल्ट और बुमराह की जोड़ी जमकर हल्ला बोल रही है। दोनों गेंदबाजों ने मिलकर अब तक 27 विकेट चटकाया है। बुमराह ने इस आईपीएल में 15 विकेट लिए हैं। बुमराह ने राजस्थान के खिलाफ मात्र 20 रन देकर चार विकेट चटकाए थे।