शनिवार को हुए मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबले में मुंबई ने दिल्ली को बहुत ही आसानी से हरा दिया और मुंबई अंकतालिका में टॉप पर कायम है। मुंबई के 13 मुकाबलों में 18 अंक हैं जबकि दिल्ली के लिए प्लेऑफ का सफर मुश्किल हो गया है। दिल्ली अपने पिछले चारों मुकाबले हारी है। दिल्ली 13 मुकाबलों में 14 अंकों के साथ अंकतालिका में दुसरे पायदान पर कायम है।
दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में ऐसा हुआ की एमएस धोनी की याद आ गई। दरअसल, मुंबई के स्पिनर राहुल चाहर गेंदबाज़ी कर रहे थे और सामने थे दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर। राहुल ने अय्यर को गेंद डाली और बड़ा शॉट मारने के चक्कर में अय्यर से गेंद मिस हो गई। विकेट के पीछे खड़े क्विंटन डि कॉक ने गेंद को इतनी जल्दी पकड़कर स्टंप किया कि एक बार एमएस धोनी की याद आ गई। अय्यर इस गेंद पर आउट हो गए।
आपको बता दें कि मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया था। दिल्ली की शुरुआत बेहद ख़राब रही। ओपनिंग करने उतरे दिल्ली के दोनों ओपनर शिखर धवन और पृथ्वी शॉ 15 रन के स्कोर पर पवैलियन लौट गए। इनके आउट होने पर बल्लेबाज़ी करने आए कप्तान श्रेयस अय्यर ने थोड़ा रन बनाने की कोशिश की लेकिन 25 रन बनाकर अय्यर भी चलते बने। इसके बाद टीम के नियमित अंतराल पर विकेट गिरते चले गए और दिल्ली ने मुंबई के सामने एक आसान सा 111 रनों का लक्ष्य रखा।
ओपनर क्विंटन डि कॉक और ईशान किशन ने मुंबई को शानदार शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी की। इसके बाद सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर ईशान किशन ने मुंबई को आसानी से जीत दिला दी।