बड़वानीः समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तिथि में संशोधन किया गया है। राज्य शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के जारी नए आदेश अनुसार अब जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य 10 अप्रैल से प्रारंभ होगी। पूर्व में इन संभागों में खरीदी कार्य एक अप्रैल से शुरू किया जाना प्रस्तावित था।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा संबंधित जिलों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करें, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बता दें कि जिले में इस वर्ष अब तक समर्थन मूल्य परगेहूं विक्रय के लिए 4738 किसानों ने पंजीयन कराया हैं। गत वर्ष यह आंकड़ा 1159 ही रहा था। जबकि उसके उसके पूर्व वर्ष में आंकड़ा एक हजार से भी नीचे दर्ज हुआ था। बीते तीन वर्ष से जिले में समर्थन मूल्य पर खरीदी का आंकड़ा शून्य पर दर्ज हो रहा हैं।
इस वर्ष शासन ने गेहूं का दाम 2625 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है। जिसमें 2585 रुपए समर्थन मूल्य और 40 बोनस शामिल है। वहीं जिले में इस वर्ष खरीदी के लिए बड़वानी के तलून सहित सेंधवा, अंजड़, पानसेमल खेतिया में कुल चार केंद्र स्थापित किए हैं। किसानों के पंजीयन की संख्या अनुसार राजपुर में भी केंद्र खोलने के लिए शासन को पत्र भेजा गया है।
दरअसल गत दिनों से जिले में गेहूं के दामों में एकाएक कमी आई हैं। वर्तमान में बाजार में गेहूं शासन के समर्थन मूल्य से नीचे भाव में बिक रहा हैं। जिसका भाव 2200 से लेकर 2350 रुपए प्रति क्विंटल के बीच बना हुआ है। ऐसे में शासन के समर्थन मूल्य 2625 रुपए क्विंटल के प्रति गेहूं विक्रय के लिए किसानों का रुझान दिखने लगा है। बीते तीन-चार वर्ष बाद जिले में किसानों के पंजीयन का आंकड़ा 4500 के पार पहुंचा है।
बड़वानी से सवाददाता लोकेश दावदे की रिपोर्ट