चेन्नई के खिलाफ हार के बाद बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली चुप नहीं रहे। उनका निशाना बैंगलोर के गेंदबाज़ों पर था। आरसीबी ने इस मैच में पहले बल्लेबाज़ी करने के बाद 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 145 रन बनाए थे। इसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स ने सिर्फ दो विकेट खोकर 18.4 ओवर में आसानी से लक्ष्य का पीछा कर लिया।
विराट ने मैच के बाद कहा, ‘दूसरी पारी में पिच की स्थिति बदल गई थी और वह पहली पारी जैसी नहीं दिखाई दे रही थी। उन्होंने स्टंप टू स्टंप गेंदबाजी की। मुझे नहीं लगता कि हमारी बल्लेबाजी के दौरान हमें ड्राइव के लिए कोई गेंद मिली। उनके स्पिनरों ने भी अच्छी गेंदबाजी की। इस तरह की पिच पर 140 से अधिक रन सही था, हम 150 का लक्ष्य लेकर चल रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है गेंदबाजी में हम अच्छे नहीं रहे। हमने बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका दिया। आपको अच्छा करने के लिए तैयार रहना पड़ता है। सभी तरफ अच्छे खिलाड़ी हैं। यह किसी खास दिन के प्रदर्शन की बात है। हम वास्तव में बहुत अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं और आपको यह स्वीकार करना पड़ेगा कि आप किसी भी मैच में हार सकते हैं।’
चेन्नई की तरफ से ऋतुराज गायकवाड़ ने नॉटआउट 65 रनों की पारी खेली और मैन ऑफ द मैच चुने गए।