दिल्ली के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी करने वाले हैदराबाद के ओपनर बल्लेबाज़ डेविड वॉर्नर और रिद्धिमान साहा ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
टॉस जीतकर हैदरबाद ने बल्लेबाज़ी का फैसला किया और ओपनिंग करने उतरे डेविड वॉर्नर और रिद्धिमान साहा ने धुआंधार बल्लेबाज़ी करते हुए पहले विकेट के लिए 107 रन जोड़े। वॉर्नर और साहा ने दिल्ली के खिलाफ पावर प्ले में 77 रन जोड़े। इसके साथ ही इन दोनों के नाम इस सीज़न में पावर प्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया।
वॉर्नर ने 34 गेंदो में आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 66 रनों की पारी खेली। वहीं साहा ने 45 गेंदो में 12 चौकों और दो छक्कों के साथ 87 रन बनाए।
कप्तान डेविड वॉर्नर ने पावरप्ले के दौरान 54 रन बनाए। इस सीज़न में पावरप्ले में अर्धशतक लगाने वाले वह पहले बल्लेबाज़ हैं। इस सीजन में इससे पहले पावरप्ले में सबसे अधिक 42 रन बनाने का रिकार्ड दिल्ली कैपिटल्स के पृथ्वी शॉ के नाम था।