शिवपुरी जिले में बिजली समस्या को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन से समाधान की मांग की। ग्राम पंचायत खोंकर के सरपंच जगदीश सिंह राजावत के नेतृत्व में निवोदा, खोंकर और सेसई गांव के ग्रामीण जनसुनवाई में पहुंचे और कलेक्टर को अपनी समस्या से अवगत कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि पड़ोरा फीडर से निर्धारित 10 घंटे बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। बार-बार होने वाली कटौती और फीडर पर बढ़ते लोड के कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आपूर्ति में अनियमितता और वोल्टेज की समस्या के चलते खेतों में लगी मोटरें खराब हो रही हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि पहले की तरह एक सप्ताह दिन में और एक सप्ताह रात में बिजली सप्लाई की व्यवस्था लागू की जाए, जिससे किसानों को खेती के काम में सुविधा मिल सके। इसके साथ ही बिजली लाइन की नियमित मरम्मत कराने की मांग भी रखी गई।
ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था में सुधार के साथ ही जिम्मेदार कर्मचारियों की निगरानी और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि नियमित और सुचारु बिजली आपूर्ति से किसानों को बड़ी राहत मिल सकती है।