1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. भीलखेडा-बड़वानी मार्ग जर्जर, ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी, डामरीकरण की मांग

भीलखेडा-बड़वानी मार्ग जर्जर, ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी, डामरीकरण की मांग

ग्रामीणों को बड़वानी शहर तक पहुंचने के लिए केवल एक कच्चा रास्ता उपलब्ध है। यह मार्ग इतना जर्जर हो चुका है कि इस पर पैदल चलना भी मुश्किल है।

By: Naredra 
Updated:
भीलखेडा-बड़वानी मार्ग जर्जर, ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी, डामरीकरण की मांग

बड़वानीः ग्राम भीलखेडा और बड़वानी के बीच का कच्चा मार्ग किसानों व ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। इस मार्ग की बदहाली के कारण आवागमन में भारी परेशानी हो रही है, जिससे कृषि कार्य समेत दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीण लंबे समय से सड़क के डामरीकरण की मांग कर रहे हैं।

भीलखेडा के कृषकों ने बताया कि उनकी कृषि भूमि और आवास गांव में ही हैं, लेकिन बड़वानी शहर तक पहुंचने के लिए केवल एक कच्चा रास्ता उपलब्ध है। यह मार्ग इतना जर्जर हो चुका है कि इस पर पैदल चलना भी मुश्किल है।

किसानों ने बताया कि इस खराब सड़क के कारण कृषि उपकरण, खाद-बीज और उपज को खेतों तक लाने-ले जाने में काफी दिक्कतें आती हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे आवागमन लगभग ठप हो जाता है। किसानों के अलावा, गांव में रहने वाले अन्य लोगों को भी रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परिवहन सुविधाओं के अभाव में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि जहां एक ओर प्रधानमंत्री द्वारा गांवों को शहरों से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है, वहीं भीलखेडा गांव अब तक इस योजना से वंचित है। पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल और सांसद गजेंद्रसिंह पटेल ने भी इस मार्ग के निर्माण को लेकर विधानसभा और संसद में प्रस्ताव रखे थे, लेकिन अभी तक कोई कार्य शुरू नहीं हो सका है।

ग्रामीणों और किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द भीलखेडा से बड़वानी तक के इस मार्ग का डामरीकरण करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र के लोगों का जीवन सुगम बनेगा और उन्हें मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण नहीं किया गया, तो वे आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं।

बड़वानी से संवाददाता लोकेश दावदे की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...