बुरहानपुर जिले के घाघरला आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक तीन में आज शिक्षा और संस्कार का अनोखा संगम देखने को मिला, जहां “विद्यारंभ प्रमाण-पत्र वितरण एवं ग्रेजुएशन समारोह” बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती पूजन के साथ हुई। इसके बाद बच्चों को प्रमाण-पत्र वितरित कर उन्हें स्कूल में प्रवेश के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान बच्चों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों की मौजूदगी में पूरा वातावरण उत्साह और गर्व से भर गया।
मध्यप्रदेश के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा, स्कूल शिक्षा विभाग और रॉकेट लर्निंग संस्था के सहयोग से 24 मार्च 2026 को प्रदेशभर के आंगनवाड़ी केंद्रों में “विद्यारंभ प्रमाण-पत्र वितरण एवं ग्रेजुएशन समारोह” आयोजित किया गया। इसी कड़ी में बुरहानपुर जिले के घाघरला स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक तीन में भी यह कार्यक्रम उत्सव के रूप में मनाया गया।
इस पहल के तहत आंगनवाड़ी के 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के 6 बच्चों को विद्यारंभ प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जिससे वे आंगनवाड़ी से विद्यालयीन शिक्षा की ओर कदम बढ़ा सकें। कार्यक्रम के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर अभिभावकों को पीले चावल और निमंत्रण पत्र देकर आमंत्रित किया, जिससे कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही।
सेक्टर सुपरवाइजर कुशलता तिवारी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अभिभावकों को जागरूक किया। समारोह के दौरान बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें नियमित विद्यालय से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर ग्राम सरपंच रतन पटेल, सचिव संजय चौहान, शिक्षक प्रफुल्ल पाटिल, ममता धुर्वे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अभिभावक और आंगनवाड़ी स्टाफ उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के समापन पर बच्चों को चॉकलेट और खीर-पूड़ी का वितरण किया गया, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।