पन्ना जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत सांसद बीडी शर्मा और विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने नगर के 16 तालाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने ई-वी स्कूटी के माध्यम से तालाबों तक पहुंचकर वहां चल रहे संरक्षण और विकास कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान तालाबों की साफ-सफाई, गहरीकरण, जल संग्रहण क्षमता बढ़ाने और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। सांसद बीडी शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत है और इसके लिए सभी विभागों को गंभीरता से कार्य करना होगा।
विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने बेनी सागर तालाब को गोद लेने की घोषणा करते हुए इसे पार्क के रूप में विकसित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि तालाब के आसपास सौंदर्यीकरण कार्य कर इसे लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाया जाएगा और इस कार्य में जनसहयोग भी लिया जाएगा।
सांसद बीडी शर्मा ने कहा कि वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों का संरक्षण भविष्य में जल संकट से बचने का प्रभावी उपाय है। उन्होंने अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता बताई ताकि अधिक से अधिक लोग जल संरक्षण के प्रति जागरूक हो सकें।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को तालाबों से अतिक्रमण हटाने, जलभराव क्षमता बढ़ाने और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अभियान के तहत तालाबों के संरक्षण और संवर्धन को प्राथमिकता देने की बात कही गई।